Home  ›  Blog

कुर्सियाँ अभी रास्ते में हैं | डॉ. अमित प्रेमित

डॉ. अमित प्रेमित का धनबाद के नए ऑफिस और दिवाली 2026 की शुरुआत पर निजी हिंदी लेख।
Dr. Amit Premit seated in his new Premit Brothers Dhanbad office with Kuch Kaam Kar Lo books

कुर्सियाँ अभी रास्ते में हैं

डॉ. अमित प्रेमित | धनबाद | दिवाली 2026

दिवाली की बत्तियाँ जल रही थीं। मेज़ पर कुछ काम कर लो की कुछ प्रतियाँ रखी थीं। और ऑफिस के लिए जो कुर्सियाँ मँगवाई थीं, वे अभी रास्ते में थीं।

मैं फिर भी बैठ गया।

अमेरिका और सिंगापुर के कॉरपोरेट ऑफिसों में काम किया है। आज धनबाद के इस छोटे से केबिन में बैठकर बड़ी खुशी से कह सकता हूँ, यह मेरा अपना ऑफिस है। सपना है कि एक दिन हमारा भी बड़ा कॉरपोरेट ऑफिस हो। ऐसा कि लोग वहाँ हुए काम को याद रखें। और जब वह दिन आए, मुझे आज की यह मेज़, दिवाली की ये बत्तियाँ और कुर्सियों के आने से पहले यहाँ बैठने की खुशी याद रहे।

इस्त्री वाली शर्ट की वापसी

सिंगापुर में हमारी एचआर हेड ने एक दिन मुझसे कहा, “अमित, तुम रोज़ ऐसे तैयार होकर आते हो जैसे किसी शादी में जा रहे हो!”

अब मैं तो बस फॉर्मल कपड़े पहनता था! हाँ, शर्ट अच्छी तरह इस्त्री की हुई हो, पैंट की क्रीज़ अपनी जगह हो, इसका मुझे शौक था। ऑफिस जाने का अपना एक अंदाज़ था। फिर कोविड आया। घर से काम करना रोज़ की बात हो गई। धीरे-धीरे पैंट की क्रीज़ की चिंता भी जाती रही।

अब देखना है कि सुबह तैयार होकर ऑफिस जाने की आदत कैसे लौटती है। इस बार शायद आईने के सामने खुद को याद दिलाना पड़ेगा, “अमित, अब तुम ही बॉस हो।” यह बात सुनने में बड़ी अच्छी लगती है। असली मज़ा उस दिन आएगा जब कोई ऐसी दिक्कत सामने होगी जिसे पहले मैं किसी और को फ़ॉरवर्ड कर देता था।

पिछले महीने अपने इंडियन ड्रीम वाले लेख में मैंने लिखा था कि मैं अपने जीवन और काम की दिशा तय करने की ज़्यादा आज़ादी चाहता था। इस मेज़ पर बैठकर उस आज़ादी का दूसरा पहलू भी समझ में आया। यहाँ क्या करना है, यह तय करने की छूट मेरी है। और जो तय किया है, उसे करके दिखाने की ज़िम्मेदारी भी मेरी है।

कुछ महीने, जिनके बारे में कम ही बात की

यह ऑफिस थोड़ा पहले तैयार हो सकता था।

मार्च में पापा के जाने के बाद मैं जैसे किसी अँधेरे कुएँ में उतर गया था। बहुत कम लोगों को पता था। मैंने बाहर से दिखने भी नहीं दिया। लेकिन कई महीनों तक हालत यह थी कि काम सामने रखा रहता था और मैं उस पर ध्यान ही नहीं लगा पाता था।

मुझे 2001 का समय याद आया, जब मेरी मामा, मेरी दादी माँ, चली गई थीं। उसके बाद का लगभग एक साल आज भी धुँधला है। उस दौरान मैंने क्या किया, बहुत कुछ याद नहीं आता। फिर उसी दौर के बाद मैंने अपनी पहली नौकरी शुरू की थी।

इस बार मेरे एक मेंटर ने मुझे संभलने में मदद की। और देखिए, इतने साल बाद मैं फिर सुबह तैयार होकर काम पर जाने की सोच रहा हूँ। इस बार अपने ऑफिस में।

मैं अपने काम में लोगों को मुश्किल बदलावों से गुज़रते हुए रास्ता खोजने में मदद करता हूँ। इस बार मुझे खुद किसी का सहारा चाहिए था। उस मदद के लिए मेरे मन में बहुत आभार है।

काश, पापा कुछ देर यहाँ मेरे साथ बैठ पाते। शायद सबसे पहले उन्हें मेज़ पर रखी अपनी किताब दिखाता।

सोचने से कर दिखाने तक

मैं अपने आपको रणनीति वाला आदमी मानता हूँ। कोई विचार दीजिए, मैं घंटों सोच सकता हूँ कि उससे क्या-क्या बन सकता है। मगर काम आगे बढ़ाने के लिए रोज़ जो छोटे-छोटे फैसले लेने पड़ते हैं, उनमें मुझे अपने ऊपर ज़्यादा काम करना पड़ता है।

यह बात मैंने पहले भी सीखी है। एक बार बिल्कुल शुरुआत से एक क्रशिंग प्लांट खड़ा किया और उसे चालू होने तक ले गया। वह काम मेरे स्वभाव के हिसाब से आसान नहीं था। किताब के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। कॉरपोरेट नौकरी के दिनों से लेखक बनने का सपना था, लेकिन लिखने बैठता तो अक्सर अटक जाता। 2 अक्टूबर 2025 को कुछ काम कर लो आखिरकार किताब बनकर मेरे हाथ में आई। एक साल बाद, उसकी पहली सालगिरह पर, मैं परिवार के साथ बैठकर उसी में से कुछ हिस्से पढ़ रहा था। आज उसी किताब की प्रतियाँ इस नई मेज़ पर रखी हैं।

इस केबिन ने फिर वही अभ्यास करवाया। डिज़ाइन से लेकर लेआउट, वायरिंग और रोशनी तक, एक-एक फ़ैसले को अमल में लाना पड़ा। छोटी जगह का अपना हिसाब है। स्विचबोर्ड कहाँ लगेगा और कुर्सी खिसकाने की कितनी जगह बचेगी, ये बातें भी बैठकर सोचनी पड़ती हैं।

अपने मेंटरिंग के काम में मैं इसे Actual Being से Premit Being का सफ़र कहता हूँ। यानी आज मैं कहाँ हूँ और कहाँ पहुँचना चाहता हूँ। मेरे लिए इसकी शुरुआत अपने बारे में एक सीधी बात मानने से होती है। मुझे संभावनाएँ जल्द दिख जाती हैं। उन्हें हक़ीक़त बनाने वाले रोज़ के काम को पूरा करने की आदत मुझे बनानी पड़ती है। इस छोटे से ऑफिस में मुझे उसी आदत का फिर से अभ्यास करने का मौका मिला।

मेरा नया पता

कॉरपोरेट ज़िंदगी में अक्सर हर तीन से पाँच साल में एक छोटे ऑफिस से बड़े ऑफिस में पहुँचा। इस बार सफ़र अपना है, तो मन है कि रफ़्तार कुछ और हो। लेकिन अभी मेरी नज़र इस बात पर है कि इस कमरे के भीतर क्या होगा।

मैं चाहता हूँ कि यहाँ कोई छात्र बैठकर उन रास्तों के बारे में भी सोच सके जो उसे अब तक किसी ने सुझाए नहीं। कोई पेशेवर अपने करियर में बदलाव की बात खुलकर कर सके। और कोई मुझसे मेंटरिंग के लिए मिले तो यहाँ से एक ऐसा अगला कदम लेकर जाए, जिसे वह सच में उठा सके।

अगर आप भी अपने जीवन या करियर के किसी ऐसे मोड़ पर हैं और मुझसे मेंटरिंग के बारे में बात करना चाहते हैं, तो पीबी करियर मंत्रा से जुड़ सकते हैं। फिलहाल मेरा नया ठिकाना धनबाद का यही छोटा सा केबिन है।

कुछ काम कर लो में जो बात मैंने लिखी थी, वही आज खुद को फिर से याद दिला रहा हूँ। जितना है, उससे शुरू करो। आगे बढ़ते हुए चीज़ें बेहतर कर लोगे।

कुर्सियाँ आ जाएँगी। मैंने काम शुरू कर दिया है।

नहीं आता तो सीख लो, कुछ काम कर लो।

    Search Articles

    Get Personalized Guidance

    Book a Career Counselling Session

    Get expert guidance from Premit Brothers to make the right career decision with clarity and confidence.

    ✓ 1:1 Guidance
    ✓ Practical Strategies
    ✓ Personalized Roadmap